Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः मनगढ़ दर्शन को जा रही कार पेड़ से टकराई, दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन घायल


प्रतापगढ़/बाबागंज। महेशगंज थाना क्षेत्र के हुलासगढ़ बाजार के समीप शुक्रवार को उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब मनगढ़ धाम दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। भीषण टक्कर में दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

नगर कोतवाली क्षेत्र के राजगढ़ ग्राम पंचायत निवासी करीब आधा दर्जन श्रद्धालु निजी होंडा वर्ना कार से मनगढ़ धाम दर्शन के लिए निकले थे। कार में अंतिमा गौतम (18), रिचा गौतम (17), शक्ति गौतम (20), महक (18), सोनाली कोरी (11) तथा अन्नू गौतम सवार थे। वाहन को धारूपुर निवासी शेरू पुत्र शिवराम चला रहा था।

बताया जाता है कि जैसे ही कार महेशगंज थाना क्षेत्र के हुलासगढ़ बाजार के पास पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार तेज रफ्तार में सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में रिचा गौतम पुत्री पप्पू गौतम तथा अन्नू गौतम (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शक्ति गौतम, महक और सोनाली गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही महेशगंज थानाध्यक्ष संदीप कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लोगों की भीड़ जुट गई। भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह ‘पप्पन’ भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार के लिए चिकित्सकों को निर्देशित किया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |