Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कन्नौज: रेलवे कॉलोनी में रुकी जनगणना को जिला जनगणना अधिकारी ने दिलाई गति! जनगणना अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी मिलने पर शुरू हुआ प्रगणना कार्य


गुरसहायगंज/कन्नौज  । भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत नगर क्षेत्र गुरसहायगंज की रेलवे कॉलोनी में मंगलवार को प्रगणना कार्य के दौरान कुछ निवासियों द्वारा सहयोग न किए जाने के कारण कार्य प्रभावित हो गया। स्थानीय निवासियों द्वारा यह कहते हुए प्रगणना कराने से इंकार कर दिया गया कि रेलवे कॉलोनी की जनगणना रेलवे विभाग के अधिकारियों द्वारा कराई जाएगी।

स्थिति की जानकारी संबंधित प्रगणक द्वारा सुपरवाइजर के माध्यम से चार्ज अधिकारी अनिल कुमार को दी गई। इसके बाद चार्ज अधिकारी द्वारा स्टेशन मास्टर एवं रेलवे विभाग के अन्य अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निवासियों को समझाने का प्रयास किया गया, किंतु पर्याप्त प्रयासों के बावजूद प्रगणना कार्य प्रारंभ नहीं हो सका।

मामले का संज्ञान जिला जनगणना अधिकारी द्वारा लिए जाने पर वह बुधवार प्रातः लगभग 8 बजे स्वयं गुरसहायगंज रेलवे कॉलोनी पहुंचे तथा वहां उपस्थित निवासियों को भारत की जनगणना की संवैधानिक एवं राष्ट्रीय महत्व की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जनगणना अधिनियम 1948 के विधिक प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया कि जनगणना कार्य में सहयोग न करना अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत दंडनीय है तथा सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद शासकीय आदेशों की अवहेलना करने पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।

जिला जनगणना अधिकारी द्वारा विधिक एवं प्रशासनिक पक्ष स्पष्ट किए जाने के बाद रेलवे कॉलोनी के निवासियों ने तत्काल जनगणना कार्य में सहयोग देना प्रारंभ कर दिया, जिससे रुकी हुई प्रगणना को पुनः गति मिल सकी।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि भारत की जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि सही एवं समयबद्ध आंकड़े संकलित किए जा सकें। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह, अधिशाषी अधिकारी अनिल कुमार, जनार्दन मिश्रा, प्रसन्नजीत मिश्रा, आकाश कुमार, शैलेन्द्र सिंह आदि सहित तमाम लोग मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |