कन्नौज। मदरसे की नाबालिग छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में अब सियासत तेज हो गई है। पीड़िता को न्याय दिलाने और परिवार का ढांढस बंधाने के लिए एमीम का एक प्रतिनिधिमंडल उनके निवास पर पहुँचा। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक नाबालिग मदरसा छात्रा को एक युवक ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया था। आरोप है कि युवक ने तीन दिनों तक छात्रा को बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने जबरन उसकी मांग भरी पायल पहनाई और जबरदस्ती शादी करने का नाटक भी किया। इसी क्रम में मजलिस पार्टी के सेंट्रल अध्यक्ष ताहिर हुसैन की अगुवाई में पहुँचे डेलिगेशन ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा की अखिलेश यादव यहाँ से सांसद हैं, इसके बावजूद उन्होंने अब तक पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली।
विपक्षी दल केवल वोट की राजनीति करते हैं, दुख की घड़ी में गायब रहते हैं। वहीं डेलिगेशन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि एआईएमआईएम उन्हें हर संभव कानूनी और आर्थिक मदद मुहैया कराएगी। ताहिर हुसैन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और जब तक न्याय नहीं मिल जाता, तब तक चुप नहीं बैठेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष इशरत खान के अलावा एम आई एम के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
