बीसलपुर। बरखेड़ा यासीन गांव में मंदिर की जमीन पर खड़े हरे-भरे पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के एक दबंग व्यक्ति द्वारा पेड़ों को अपने खेत में बताकर कटवा लिया गया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
मामले की जानकारी मिलते ही मंदिर के पुजारी ने ग्राम प्रधान हरीश भारती को सूचना दी, जिसके बाद कटान को रुकवाया गया। ग्राम प्रधान ने तत्काल उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडेय को अवगत कराया। उनके निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जमीन की पैमाइश की।
पैमाइश में स्पष्ट हुआ कि कटे हुए पेड़ मंदिर की भूमि पर ही खड़े थे। इसके बाद आरोपी पक्ष द्वारा पुजारी के साथ गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप सामने आया।
बर्रामऊ मंदिर के महंत धर्मदास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मांग की कि पेड़ों की बिक्री से प्राप्त धन मंदिर के जीर्णोद्धार में लगाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 दिन पहले काटे गए पेड़ अब सूख रहे हैं, जिससे मंदिर को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
मौके पर पुजारी रामगिरी, ग्राम प्रधान हरीश भारती समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
