अमेठीः शिक्षामित्र सम्मान एवं मानदेय वितरण समारोह का भव्य आयोजन
May 05, 2026
अमेठी। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत जनपद के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण के शुभारंभ हेतु जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ द्वारा गोरखपुर से शिक्षामित्रों का मानदेय 10,000 से बढ़ाकर 18,000 किए जाने संबंधी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। समारोह का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, विधायक राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चैहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी द्वारा दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संग्रामपुर एवं कंपोजिट विद्यालय पचेहरी की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीएसए संजय तिवारी अमेठी खंड शिक्षा अधिकारी अमेठी पुजा सिंह शिक्षामित्र परिषदीय विद्यालयों की रीढ़ हैं और नामांकन बढ़ाने, बच्चों को निपुण बनाने तथा विद्यालयों को समाज से जोड़ने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा और मूल विद्यालय में स्थानांतरण जैसी सुविधाएं उनके योगदान का सम्मान हैं। जिलाधिकारी संजय चैहान ने कहा कि शिक्षामित्रों को समय-समय पर महत्वपूर्ण दायित्व दिए जाते हैं, जिनका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए भविष्य में भी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना की, जबकि विधायक राकेश प्रताप सिंह ने शिक्षामित्रों के योगदान की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने शिक्षामित्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विकास क्षेत्रों से आए शिक्षामित्रों को अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा प्रतीक स्वरूप ₹18,000 के बढ़े हुए मानदेय की चेक वितरित की। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में लर्निंग बाय डूइंग, महिला सशक्तिकरण, रूम टू रीड, इको क्लब, किचन गार्डन, विज्ञान व गणित प्रदर्शनी, समेकित शिक्षा, बालिका शिक्षा एवं स्कूल चलो अभियान से संबंधित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
