अमेठीः पुलिस की बड़ी कार्रवाई! एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले 2 शातिर गिरफ्तार
May 05, 2026
अमेठी। थाना अमेठी पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से रुपये निकालने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 19 एटीएम कार्ड, 2500 रुपये नकद और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल कोरी (22 वर्ष) निवासी लीलापुर, प्रतापगढ़ और शिवा सरोज (23 वर्ष) निवासी लालगंज, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान विशाल के पास से 11 एटीएम कार्ड और 1300 रुपये, जबकि शिवा के पास से 8 एटीएम कार्ड और 1200 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एटीएम के बाहर खड़े होकर लोगों को बातों में उलझाते थे, उनका पिन कोड देख लेते थे और मौका पाकर एटीएम कार्ड बदल लेते थे। बाद में पीड़ित के जाने के बाद खाते से रुपये निकाल लेते थे। हाल ही में उन्होंने अमेठी के सगरा तिराहा के पास एक व्यक्ति से 4000 रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल गौरीगंज क्षेत्र से एक बारात से चोरी की गई थी, जिसकी नंबर प्लेट बदल दी गई थी। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना अमेठी व गौरीगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
