Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः ईद-उल-अजहा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क,जनपद विभिन्न थानों में आयोजित हुई पीस कमेटी की बैठकें! सौहार्द बनाए रखने की अपील अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर, त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संदेश


पीलीभीत। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव  के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों तथा व्यापारियों ने भाग लेकर आपसी सहयोग और शांति व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।थाना दियोरिया पुलिस द्वारा आयोजित बैठक में अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। बैठक में कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इसी क्रम में थाना न्यूरिया पुलिस द्वारा भी पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मौजूद लोगों से प्रशासन का सहयोग करने, सोशल मीडिया पर संयम बरतने तथा धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

वहीं, पूरनपुर क्षेत्र में सीओ पूरनपुर की अध्यक्षता में थाना पूरनपुर पर पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि ईद-उल-अजहा प्रेम, त्याग और भाईचारे का पर्व है, जिसे सभी लोग मिल-जुलकर मनाएं। अधिकारियों ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों से सावधान रहें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

थाना बरखेड़ा पुलिस द्वारा आयोजित बैठक में भी सामाजिक सौहार्द और आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में न लें और सीधे प्रशासन को अवगत कराएं। बैठक में स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

इसी प्रकार सीओ नगर के नेतृत्व में थाना सुनगढ़ी में आयोजित पीस कमेटी बैठक में आगामी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस लगातार गश्त करेगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

बैठकों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पीलीभीत की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वह प्रेम, सद्भाव और शांति के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह या उकसावे में न आएं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |