Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुरः राष्ट्रीय कार्यशाला में गंगा संरक्षण और जनजागरण पर दिया जोर! गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाना जनमानस का दायित्व - डॉ. चैहान


बीसलपुर। गंगा समग्र मिशन बरेली मंडल के प्रांत संयोजक एवं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रवि शरण सिंह चैहान ने कहा कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनजागरण और सामूहिक सहभागिता से ही गंगा संरक्षण अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

डॉ. चैहान पटना के शास्त्री नगर स्थित डीएनएस क्षेत्रीय सहकारी संस्थान में आयोजित गंगा समग्र मिशन की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला में देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहर है। गंगा जल को अमृत के समान माना जाता है और इसकी पवित्रता भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि गंगा को प्रदूषित होने से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।

कार्यशाला में गंगा स्वच्छता, जल संरक्षण, घाटों के संरक्षण, जनजागरण अभियान तथा संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पर्यावरण संरक्षण और गंगा की अविरलता बनाए रखने के लिए सामूहिक संकल्प लेने पर भी बल दिया गया।

गंगा समग्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि मां गंगा देश की आध्यात्मिक चेतना की प्रतीक हैं और उनकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री आशीष गौतम सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |