आगरा/मथुरा। गर्मी के प्रकोप को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए डीग रेलवे स्टेशन पर निःशुल्क जल सेवा का आयोजन किया गया। यह पहल मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा अंकित गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुई।
इस सेवा का संचालन बजरंग टीचर ट्रेनिंग कॉलेज द्वारा किया जा रहा है, जिसके तहत स्टेशन से होकर गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों के यात्रियों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया। भीषण गर्मी में इस व्यवस्था से यात्रियों को काफी राहत मिली और उन्होंने इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मंडल वाणिज्य निरीक्षक गोवर्धन दीपक गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक डीग सहित रेलवे के अन्य कर्मचारी एवं संस्था के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने यात्रियों की सेवा के इस प्रयास को जनहित में महत्वपूर्ण बताया।
आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की जनकल्याणकारी पहल जारी रहेंगी।
