लंभुआ/सुल्तानपुर। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर लंभुआ में धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मेला वाली बाग से तहसील परिसर तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया तथा बाद में उपजिलाधिकारी प्रीति जैन को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम का नेतृत्व सपा नेता जितेंद्र वर्मा उर्फ बाजीगर वर्मा ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक की घटनाओं, बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल के दामों में वृद्धि, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा बिजली व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
सपा नेता जितेंद्र वर्मा बाजीगर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जबकि महंगाई और बेरोजगारी के कारण आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम लंभुआ प्रीति जैन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान तथा संबंधित मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में सुरेश उर्फ भजन यादव,हरीश,वंशराज,शर्मीला यादव,संजय वर्मा समेत पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला महासचिव सलाउद्दीन ने कहा कि जिस तरह महंगाई, बेरोजगारी, ध्वस्त बिजली व्यवस्था, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, इससे जनता में त्राहि त्राहि मची है। जनता सत्ता परिवर्तन चाहती है। आगामी 2027 विधान सभा चुनाव में हम समाजवादी सरकार बनाने जा रहे हैं।
