बलिया। बैरिया क्षेत्र के चरजपुरा गांव निवासी आर्यन पांडेय ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनकर जिले और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। केरल स्थित भारतीय नौसेना अकादमी एझीमला में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद उन्हें सब लेफ्टिनेंट पद पर कमीशन प्रदान किया गया। आर्यन की इस उपलब्धि से परिवार समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चार वर्षों के कठिन एवं अनुशासित प्रशिक्षण के बाद आर्यन पांडेय भारतीय नौसेना में अधिकारी बने। पासिंग आउट परेड के दौरान उनके माता-पिता के साथ 95 वर्षीय दादा नंदकिशोर पांडेय भी मौजूद रहे। इस भावुक क्षण में दादा ने अपने पौत्र के कंधे पर स्टार लगाकर आशीर्वाद दिया, जिसे देखकर वहां उपस्थित लोग भी भावुक हो उठे।
आर्यन की मां कंचन पांडेय ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि “चार वर्ष पहले हमने अकादमी को अपना बेटा सौंपा था और आज अकादमी ने हमें एक सब लेफ्टिनेंट लौटाया है।” वहीं पिता संजय पांडेय, जो बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं, ने इसे परिवार के लिए गौरवपूर्ण पल बताया। उन्होंने कहा कि बेटे को मिली यह सफलता माता-पिता, गुरुजनों और बुजुर्गों के आशीर्वाद का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि आर्यन आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश सेवा करते हुए परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करता रहे। आर्यन की उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने परिवार को बधाई दी है।

