अमेठीः रोडवेज बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों की बच्ची जान
May 18, 2026
अमेठी। जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर बाजार में बीच सड़क पर अचानक चल रोडवेज की चलती बस बनी आग का गोला। बताया जा रहा है कि इस बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया। कोई भी यात्री हताहत नहीं है। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह सुल्तानपुर डिपो की प्राइवेट अनुबंधित बस 40 यात्रियों को लेकर सुल्तानपुर से प्रयागराज जा रही थी। अभी वह जैसे ही फैजाबाद प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 330 पर स्थित अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर चैराहे पर पहुंची थी। तभी अज्ञात कारणों से अचानक बस में आग लग गई। बस में आग लगने की सूचना मिलते ही बस के अंदर अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में बस ड्राइवर ने सूझ बूझ दिखाते हुए तत्काल बीचों-बीच सड़क पर बस को रोक दिया। दुर्गापुर चैराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों एवं स्थानीय लोगों की मदद से सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बस पूरी तरह से आग का गोला बन गई और धू धूकर जल गई। सूचना पर पहुंची सीआरपीएफ के फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय पुलिस ने मिलकर दोनों तरफ से आवागमन रोक दिया और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में कामयाब हो गए। जब तक बस की आग पूरी तरह से बुझी तब तक बस जलकर खाक हो गई थी। इस प्रकार कहीं ना कहीं एक बड़ा हादसा टला है। फिलहाल इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है। सभी पूरी तरह से सुरक्षित है। घटना की जानकारी मिलते ही रोडवेज के एआरएम सुरेश चंद्र यादव मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते बस में आग लगी लेकिन गनीमत रही कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित है। इस घटना के संबंध में अमेठी के पुलिस क्षेत्राधिकार मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि सुल्तानपुर डिपो की अनुबंधित बस जो सुल्तानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही थी। थाना क्षेत्र पीपरपुर के दुर्गापुर चैराहे पर पहुंची ही थी तभी इंजन में शार्ट सर्किट होने के कारण आग लग गई। बस में 40 यात्री सवार थे जिन्हें पीपरपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा सुरक्षित निकालकर आज को बुझा दिया गया है। यातायात सुचारू रूप से बहाल करा दिया गया है।

