शुकुलबाजार: थाने के सामने फल मंडी से बढ़ा अतिक्रमण! जाम और हादसों से लोग परेशान, मूकदर्शक बने जिम्मेदार
May 18, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। कस्बे के थाना मुख्यालय के सामने सड़क किनारे लग रही फल मंडी अब आमजन के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित ढंग से खड़े ठेले-खोमचों के चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से लेकर देर शाम तक सड़क के दोनों ओर फल विक्रेताओं द्वारा जमीन पर दुकान व ठेले लगाए जाते हैं, जिससे सड़क काफी संकरी हो जाती है। बाजार के व्यस्त समय में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।दलोगों का कहना है कि लगातार लग रहे जाम के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। अब तक कई बाइक सवार और पैदल राहगीर सड़क पर असंतुलित होकर चोटिल हो चुके हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जाम के कारण ग्राहकों का आना-जाना भी प्रभावित हो रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह पूरी स्थिति थाना मुख्यालय के ठीक सामने बनी हुई है। थाना गेट से प्रतिदिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का आना-जाना होता है, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ देखकर भी मूकदर्शक बने हुए हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे हो रहे अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और फल मंडी के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए, ताकि कस्बे में जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि राजस्व टीम व पीडब्ल्यूडी टीम आने के बाद अतिक्रमण हटाया जाएगा।

