Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

यूपी में 3 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, ड्यूटी से किए गए सस्पेंड


उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ा एक्शन लिया है। जिले के तीन पुलिसकर्मियों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया गया है कि लापरवाही, भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक दरोगा को थर्ड डिग्री और अवैध वसूली के आरोप में सस्पेंड किया गया है, जबकि दूसरे दरोगा को महिला संबंधी मामले में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया।

वहीं, सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले एक उप निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पहला मामला प्रेमनगर थाने से सामने आया है। यहां तैनात उप निरीक्षक शुभम चौधरी पर गंभीर आरोप लगे हैं। भमोरा निवासी राहुल शंखधार ने आरोप लगाया कि दरोगा ने उन्हें अवैध तरीके से हिरासत में रखा और थाने में थर्ड डिग्री दी। पीड़ित का कहना है कि उसके साथ बर्बरता की गई और 50 हजार रुपये भी वसूले गए।

आरोप यह भी है कि पैसे लेने के बाद सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए। मामला एसएसपी तक पहुंचा तो उन्होंने इसे बेहद गंभीर माना। शुरुआती जांच के बाद दरोगा शुभम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

दूसरा मामला थाना हाफिजगंज क्षेत्र का है। यहां तैनात उप निरीक्षक चन्द्रपाल सिंह पर महिला की शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप लगा। बताया गया कि महिला ने छेड़खानी, पीछा करने और मोबाइल तोड़ने की शिकायत पुलिस से की थी। लेकिन आरोप है कि दरोगा ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के बजाय लापरवाही बरती।

पीड़िता लगातार कार्रवाई की मांग करती रही, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार महिला को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी। मामला सामने आने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने इसे महिला सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना और उप निरीक्षक चन्द्रपाल सिंह को भी सस्पेंड कर दिया।

तीसरी कार्रवाई फरीदपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक शुभम सोम पर हुई है। विभागीय जांच में सामने आया कि दरोगा सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। बताया गया कि वह इंस्टाग्राम पर सक्रिय थे, जो विभागीय नियमों के खिलाफ माना गया। इस अनुशासनहीनता पर एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया।

इन तीनों मामलों में कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा है कि पुलिस की छवि खराब करने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के साथ गलत व्यवहार, भ्रष्टाचार, महिला मामलों में लापरवाही और विभागीय नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |