फलता की जनता ने अपना मत व्यक्त कर दिया है! लोकतंत्र की जीत हुई है और धमकियों की पराजय हुई है-पीएम मोदी
May 25, 2026
पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर दोबारा चुनाव कराए गए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने भारी जीत दर्ज की। यह सीट टीएमसी का गढ़ मानी जा रही थी। वहीं इस जीत के बाद पीएम मोदी ने भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को बधाई दी। इस सीट पर 29 अप्रैल को मतदान के दौरान व्यापक अनियमितताओं और व्यवधानों की खबरों के बाद पुनर्मतदान हुआ था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फलता में भाजपा की सफलता बंगाल सरकार के प्रभावशाली कार्यों का प्रमाण है।
PM मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "फलता की जनता ने अपना मत व्यक्त कर दिया है! लोकतंत्र की जीत हुई है और धमकियों की पराजय हुई है। देबांग्शु पांडा को फलता में अभूतपूर्व अंतर से जीत के लिए हार्दिक बधाई। यह भाजपा में पश्चिम बंगाल की जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। जनता पश्चिम बंगाल सरकार के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे असाधारण कार्यों को देख रही है, और इसीलिए उन्होंने हमें एक बार फिर आशीर्वाद दिया है। पश्चिम बंगाल के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके असाधारण प्रयासों के लिए मेरी हार्दिक बधाई। भविष्य में भी हम पश्चिम बंगाल के विकास के लिए काम करते रहेंगे।"
पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को 1 लाख 49 हजार 666 (1,49,666) वोट मिले हैं। बीजेपी उम्मीदवार ने सीपीआई(एम) के नेता शंभु नाथ कुर्मी को हराया है। सीपीआई(एम) उम्मीदवार को मात्र 40 हजार 645 (40,645) वोट मिले। इस सीट पर हार जीत का अंतर 1 लाख 9 हजार 21 (1,09,021) वोटों का रहा। इसके अलावा कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मोल्ला को 10,084 वोट मिले। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने मतदान से पहले अपना नाम वापस ले लिया था, फिर भी उन्हें 7,783 वोट मिले।

