बलिया। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में बहुप्रतीक्षित मेडिकल बाईपास परियोजना अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। प्रशासन की सख्ती और लगातार निगरानी के बीच प्रस्तावित बाईपास मार्ग पर लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। बुधवार को मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की तैयारियों का जायजा लिया।
करीब 2.41 किलोमीटर लंबा यह मेडिकल बाईपास ग्राम हैबतपुर, विजईपुर और बनकटा से होकर गुजरेगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क के संरेखण का पैदल चलकर मिलान किया। लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम भी मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों के अनुसार सड़क की कुल चैड़ाई 12 मीटर होगी, जिसमें 7 मीटर चैड़ी पिच रोड बनाई जाएगी।
प्रशासन द्वारा पूर्व में कराई गई पैमाइश और लगाए गए निशानों के बाद अब स्थानीय लोग स्वेच्छा से अवैध कब्जे हटाने लगे हैं। ललित कुमार, भीम गुप्ता और नितेश राय समेत 10 से अधिक लोगों ने अपना अतिक्रमण हटा लिया है। प्रशासन ने साफ किया है कि जो लोग स्वेच्छा से कब्जा नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार से लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा, क्योंकि उस हिस्से में भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं है। परियोजना के तहत विजईपुर स्थित कटहल नाला पर पुल का निर्माण भी कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्री के प्रयासों से मेडिकल बाईपास परियोजना को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है तथा टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में करीब 1.5 किलोमीटर भूमि अधिग्रहण पर 7.54 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।
मेडिकल बाईपास बनने के बाद शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

.jpg)