Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

दूध-पनीर के बाद अब सीमेंट भी नकली! 2 फैक्ट्रियों का भंडाफोड़


दूध, पनीर और मसालों के बाद अब दिल्ली में नकली सीमेंट का भी पर्दाफाश हुआ है। दरअसल, क्राइम ब्रांच ने दिल्ली में चल रही नकली सीमेंट बनाने वाली 2 फैक्ट्रियों की पोल खोल दी है। पुलिस ने इस एक्शन में सैकड़ों बोरी फर्जी सीमेंट बरामद की। यह एक्शन दिल्ली में मंडोली और जवाहर नगर इंडस्ट्रियल एरिया में किया गया, जहां लंबे वक्त से नकली ब्रांडेड सीमेंट को तैयार किया जा रहा था और उसे मार्केट में सप्लाई किए जाने की खबर मिल रही थी।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, खराब और एक्सपायर सीमेंट में क्लिंकर मटेरियल को मिलाकर उसे मशहूर सीमेंट कंपनी के नकली बैग में पैक कर मार्केट में बेचा रहा था। पुलिस ने नकली सीमेंट के इस पूरे रैकेट का खुलासा गुप्त सूचना के आधार पर किया। क्राइम ब्रांच ने छापेमारी में की और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य लोगों की खोज जारी है।

पुलिस ने रेड के दौरान, मशहूर सीमेंट कंपनी की 2 हजार 725 नकली सीमेंट की बोरियां, 341 भरी हुई फर्जी सीमेंट की बोरियां, भारी मात्रा में मिलावटी सीमेंट और क्लिंकर मटेरियल को बरामद किया। इसके अलावा, लगभग 1 हजार 780 खराब सीमेंट की बोरियां भी बरामद हुई हैं, जिनका प्रयोग नकली सीमेंट तैयार करने में किया जा रहा था।

क्राइम ब्रांच ने नकली सीमेंट फैक्ट्री में लगी अवैध मशीनों को सीज कर लिया है। साथ ही, दोनों फैक्ट्री परिसरों को भी सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गुट लंबे वक्त से नकली सीमेंट तैयार कर निर्माण कार्यों में प्रयोग के लिए सप्लाई कर रहा था, जिससे लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था।

दिल्ली पुलिस अब यह मालूम करने में जुटी है कि नकली सीमेंट की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। गौरतलब है कि दिल्ली-NCR में नकली और मिलावटी दूध का बिजनेस करने वालों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां हो चुकी हैं। जुलाई, 2025 में बुलंदशहर में फूड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने नकली दूध बनाने वाले गोदाम पर रेड की थी और 1,400 लीटर केमिकल को जब्त किया था, जिसका प्रयोग नकली दूध बनाने में किया जा रहा था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |