Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊः जनगणना 2027 को लेकर नगर निगम की बड़ी तैयारी, प्रमुख आरडब्ल्यूए और आवासीय समितियों के प्रतिनिधि रहे उपस्थित


लखनऊ। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने अब शहर की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) को भी सक्रिय रूप से जोड़ना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को लालबाग स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में अपर नगर आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह भी मौजूद रहे।

बैठक में शहर की विभिन्न प्रमुख आरडब्ल्यूए और आवासीय समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें पारिजात अपार्टमेंट विक्रांत खंड गोमती नगर, रोहतास आइकन सोसाइटी सेक्टर-2 वृन्दावन योजना, विष्णुलोक रेजिडेंशियल वेल्फेयर सोसायटी, नारायण पुरी सेवा समिति, ए-ब्लॉक एचआईजी रेजिडेंशियल वेल्फेयर एसोसिएशन, इन्दिरा नगर आवासीय महासमिति, कर्तव्य पथ वेलफेयर सोसाइटी, पाम पैराडाइस वेलफेयर सोसाइटी, पारसनाथ प्लैनेट, रोहतास प्रेजेंडेशियल टॉवर्स गोमती नगर, एल्डिको विभूति खंड, आशियाना रेजिडेंट्स एसोसिएशन, आवासीय कल्याण समिति सेक्टर-एफ जानकीपुरम, श्री हरिदास रेजिडेंसी सोसायटी एसजीपीजीआई और ओमेक्स हाईट अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन समेत कई संस्थाओं के पदाधिकारी शामिल रहे।

बैठक के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों द्वारा जनगणना से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। अधिकारियों ने जनगणना प्रक्रिया, नागरिकों की भूमिका, डेटा संग्रहण की व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी भी साझा की।

अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना 2027 को सफल बनाने में आरडब्ल्यूए की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी संबंधित संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है।

नगर निगम प्रशासन की ओर से सभी जोनल अधिकारियों और जनगणना चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख आवासीय समितियों से लगातार संपर्क बनाए रखें और जनगणना अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करें। साथ ही अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में चल रही तैयारियों की अद्यतन जानकारी के साथ आगामी बैठकों में उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |