पाकिस्तान में दर्दनाक हादसा! बस की टक्कर से 17 लोगों की मौत
May 25, 2026
पाकिस्तान के मरदान जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां स्वात एक्सप्रेसवे पर एक बस की टक्कर से 17 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में पांच लोग घायल भी बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि एक बस खराब होने की वजह से सड़क किनारे खड़ी थी, तभी दूसरी बस ने उसमें टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम इलाके के मरदान जिले में सड़क हादसा हो गया। यहां स्वात एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़ी एक मोटरबस को टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यात्री बस सड़क किनारे खड़ी एक अन्य बस से टकरा गई, जो किसी खराबी के कारण खड़ी थी। पुलिस ने बताया कि मृतक ऊपरी दीर और बाजौर जिलों के निवासी थे।
शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि खड़ी बस के जनरेटर में खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसे सड़क किनारे रुकना पड़ा, तभी तेज रफ्तार बस ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, जबकि बचाव दल घटनास्थल पर राहत कार्य जारी रखे हुए हैं। बस यात्रियों को सुरम्य स्वात घाटी ले जा रही थी।
वहीं दूसरी तरफ बांग्लादेश में भी हुए एक दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। यहां ढाका से 83 किमी दूर एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रक में सवार 15 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक ट्रक में सवार लोग लिफ्ट लेकर यात्रा पर निकले थे। इसमें अधिकांश लोग दिहाड़ी मजदूर थे, जो छुट्टी में ईद मनाने घर जा रहे थे। रास्ते में अचानक ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद यह हादसा हुआ है।

