लखनऊ: बारिश में नहाते 10 वर्षीय छात्र की मौत, तेज आंधी-तूफान से ऊपर भरभराकर दीवार गिरी
May 31, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन के मलिहाबाद तहसील क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और बारिश में 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। वहीं रविवार दोपहर खराब मौसम के दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 10 वर्षीय छात्र अनमोल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर होकर गिर गई थी। घटना रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गोपालपुर मजरा इशूखेड़ा में हुई,बच्चा मलबे में दब गया और चीखने लगा। बच्चें अनमोल की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे,उन्होंने तुरंत मलबे से अनमोल को बाहर निकाला और माल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अनमोल के परिवार में उसकी मां रामेश्वरी, एक बड़ा भाई रवि और चार बहनें हैं। घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अनमोल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे माता रामेश्वरी, बड़ा भाई रवि तथा चार बहनों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
