सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के सलखन पावर हाउस अंतर्गत ग्राम सभा ससनई में रविवार को बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। घर के पास लगे खंभे के समीप खेल रहे दो मासूम बच्चे हाईटेंशन लाइन के स्टे तार में उतरे करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी (2 वर्ष) पुत्र रामप्रवेश व अर्चना (3 वर्ष) खेलते समय करंट की चपेट में आ गए। बच्चों को बचाने दौड़ी उनकी मां सुल्तानी (30 वर्ष) भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं।
घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों की मदद से तीनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बताया जाता है कि अर्चना की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि 11 हजार वोल्ट लाइन के स्टे तार में करंट आना विभागीय लापरवाही का नतीजा है। समय रहते मरम्मत व जांच की जाती तो यह हादसा टल सकता था।
