Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बंगाल में चुनाव से पहले ED की रेड, कोलकाता के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास के घर पर छापा


ईडी ने रविवार (19 अप्रैल) को कोलकाता में एक कथित अपराधी और उसके सहयोगी गिरोह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर बड़ा ऐक्शन लिया. ईडी अधिकारियों ने पुलिस उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास और एक अन्य व्यक्ति के परिसरों में छापेमारी की. बिस्वास के बालीगंज क्षेत्र में स्थित आवास और सन एंटरप्राइज नामक कंपनी के प्रबंध निदेशक जॉय कामदार के एक ठिकाने पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत छापेमारी की गई.

रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई बिस्वजीत पॉद्दर उर्फ ​​सोना पप्पू नाम के कथित स्थानीय अपराधी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी है, जिस पर हत्या के प्रयास और जबरन वसूली के कई मामले दर्ज हैं. केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में 1 अप्रैल को पहली बार तलाशी ली थी. ईडी ने तलाशी के दौरान कुछ जगहों से 1.47 करोड़ रुपये नकद, 67.64 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और एक देसी रिवॉल्वर जब्त की थी.

बता दें कि ये जांच कोलकाता पुलिस द्वारा पॉद्दर के खिलाफ दंगा, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन में कथित संलिप्तता के आरोप में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई है. ईडी ने 9 अप्रैल को एक बयान में कहा कि पॉद्दर समेत आरोपी पश्चिम बंगाल में संगठित आपराधिक गिरोह की गतिविधियों में शामिल थे और गिरोह के संचालन के जरिए अवैध रूप से धन जुटाते थे. पॉद्दर कोलकाता के गोलपार्क के पास कंकुलिया रोड पर हुई हिंसा के एक मामले में भी वांछित है और फिलहाल फरार है.

ईडी ने पॉद्दर को समन जारी किया है, लेकिन एजेंसी के अनुसार वह अभी तक जांच में शामिल नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि केंद्रीय बलों के साथ ईडी अधिकारियों ने कोलकाता पुलिस के उप पुलिस आयुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास के बालीगंज स्थित आवास पर छापा मारा. ये छापेमारी पीएमएलए के तहत दर्ज एक मामले को लेकर की गई है.

ईडी के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस अधिकारी घर पर नहीं हैं और हम उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. ईडी के अधिकारियों ने बेहाला क्षेत्र में व्यवसायी जॉय कामदार के आवास पर भी छापा मारा. इससे पहले भी उनके कार्यालय और आवास पर छापेमारी की गई थी.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |