शुकुलबाजार: सद्गुणों की अलख जगाने आज पहुंचेगा अश्वमेघ ज्योति कलश, भव्य स्वागत की तैयारियां तेज
April 12, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक जागरूकता का संदेश लेकर शांतिकुंज हरिद्वार से निकला अश्वमेघ ज्योति कलश सोमवार को शुकुल बाजार पहुंचेगा। इसके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं व स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत की व्यापक तैयारियां जोरों पर हैं।ज्योति कलश के आगमन पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ने में जुटे हैं।कलश यात्रा के माध्यम से न केवल धार्मिक वातावरण सुदृढ़ होगा, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता को भी बल मिलेगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है।ब्लॉक समन्वयक अशोक शर्मा ने बताया कि शांतिकुंज से आने वाला यह ज्योति कलश आस्था के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है। इसके माध्यम से लोगों को नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।ब्लॉक मीडिया प्रभारी दीपक पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में इन मूल्यों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा लोगों को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने और एक जागरूक, स्वस्थ व सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करेगी। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, संयमित जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। यह आयोजन न केवल आस्था को सशक्त करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और व्यवहार को भी बढ़ावा देगा।
