अमेठीः नाला निर्माण में अनियमितता, स्कूली बच्चे हो रहे परेशान
April 13, 2026
अमेठी। नगर क्षेत्र के रामलीला मैदान के पास आरसीसी रोड के किनारे बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, जिससे स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि नाले में मिट्टी डाल दी गई है, लेकिन उसे सही तरीके से समतल नहीं किया गया है। कहीं आधा अधूरा काम पड़ा है तो कहीं मिट्टी बिल्कुल नहीं डाली गई है। वहीं पानी डालकर मिट्टी को बैठाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे रास्ता और भी फिसलन भरा और असमान हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, विशेषकर शिव प्रताप इंटर कॉलेज के बच्चे, साइकिल से आवागमन करते हैं। स्कूल की छुट्टी के समय दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस लापरवाही के चलते कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नाला निर्माण कार्य को मानकों के अनुरूप जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और सड़क को समतल कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
