गौरींगजः एनएसयूआई ने सौपा ज्ञापन, किसानो की उठाई आवाज
April 13, 2026
गौरींगज/अमेठी। सांसद किशोरी लाल शर्मा के निर्देश पर जिले में किसानों एवं युवाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। धान एवं गेहूं खरीद में हो रही अनियमितताओं के कारण किसान भारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था, भ्रष्टाचार एवं देरी के चलते किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर नहीं मिल पा रहा है, जिससे जनआक्रोश लगातार बढ़ रहा है।इसी क्रम में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन अमेठी द्वारा एआरओ (आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस) के प्रस्तावित स्थानांतरण का भी कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। जिलाध्यक्ष सुमित तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस निर्णय से अमेठी एवं आसपास के युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे तथा भर्ती प्रक्रियाओं में स्थानीय युवाओं को मिलने वाली सुविधाएं समाप्त हो जाएंगी।जिला किसान कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों को किसान एवं युवा विरोधी बताते हुए कहा कि बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का अब तक उचित मुआवजा नहीं दिया गया है। प्रशासन से मांग की गई कि निष्पक्ष सर्वे कराकर शीघ्र राहत राशि वितरित की जाए तथा खरीद केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी किसानों और युवाओं की आवाज को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाने के लिए संकल्पित है। चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
