रूद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को महिला विरोधी बताए जाने के दावों को कांग्रेस ने सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी ने इसे भाजपा का दुर्भावनापूर्ण और झूठ पर आधारित नैरेटिव बताया है।
सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। ममता रानी ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वर्ष 2023 में महिला आरक्षण बिल संसद में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, तो इसे अब तक लागू क्यों नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक 131वां संशोधन बिल महिला आरक्षण की आड़ में संसद और विधानसभा की सीटें बढ़ाने की एक साजिश थी। ममता रानी ने कहा कि भाजपा इस बिल को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर अपना राजनीतिक एजेंडा साधना चाहती थी। कांग्रेस का स्पष्ट रुख है कि परिसीमन के माध्यम से सीटें बढ़ाने से उत्तराखंड जैसे छोटे राज्यों को नुकसान होगा और संघीय ढांचे पर असर पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि मौजूदा सीटों के आधार पर ही महिला आरक्षण तुरंत लागू किया जाए।
वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भाजपा पर झूठ और भ्रम की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है और केवल वोट बैंक की राजनीति कर रही है। ठुकराल ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के जरिए भाजपा अपनी राजनीतिक छवि चमकाना चाहती थी, लेकिन विपक्ष ने उसके मंसूबों को सफल नहीं होने दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को महिला विरोधी बताने का अभियान पूरी तरह झूठा है और कांग्रेस ही महिलाओं व आम जनता की सच्ची हितैषी है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं भाजपा के इस दोहरे चरित्र को समझ चुकी हैं और समय आने पर इसका जवाब देंगी।
इस मौके पर संदीप चीमा, त्रिनाथ विश्वास, मोनिका ढाली, उमा सरकार, सतीश कुमार, बाबू विश्वकर्मा, सुनील चुग, अर्जुन विश्वास, नरेश सागर, प्रकाश सरकार, राम विलास शाह, विकास बंसल और संजय ठुकराल सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
