Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलियाः होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर बलिया में हाई अलर्ट! डीएम-एसपी की संयुक्त समीक्षा, पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम लागू


बलिया। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत खाका तय किया गया। अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 38 हजार अभ्यर्थी 25, 26 और 27 अप्रैल को परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगीकृसुबह 10 से 12 बजे तक और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक। परीक्षा संचालन के लिए 260 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनके लिए पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है। बिना आईडी कार्ड किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खिड़कियों की मरम्मत सहित सभी भौतिक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया है। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों के साथ बैठक कर उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से भली-भांति अवगत कराएं और केवल उत्कृष्ट सेवा चरित्र वाले शिक्षकों को ही इस कार्य में लगाया जाए। परीक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके हेल्पलाइन नंबर 05498-220830 और 05498-220235 जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने 23 अप्रैल को एक और समन्वय बैठक बुलाकर अंतिम तैयारियों की समीक्षा का निर्णय लिया है। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, नोडल अधिकारी गौतम जी, सभी सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कुल मिलाकर, जिला प्रशासन इस परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के साथ संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |