आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने नए बंगले में शिफ्ट हो गए हैं. इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी. एक्स पर अरविंद केजरीवाल ने लिखा, "पिछले दिनों केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक होने के नाते कोर्ट के आदेश पर मुझे घर आवंटित किया था. अपने परिवार के साथ मैं अब उस घर में शिफ्ट हो गया हूं."
जानकारी के लिए बता दें कि अरविंद केजरीवाल को सरकार की ओर से टाइप-7 बंगला अलॉट किया गया था, जो लुट्यंस दिल्ली में स्थित है. अब उनका नया पता 95, लोधी एस्टेट, नई दिल्ली होगा.
पिछले दिनों केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक होने के नाते कोर्ट के आदेश पर मुझे घर आवंटित किया था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अरविंद केजरीवाल ने सीएम आवास खाली कर दिया था. इस बंगले को बीजेपी ने 'शीशमहल' करार देकर आम आदमी पार्टी को घेरा था. इसके बाद से अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी के एक सांसद के घर रह रहे थे.
अरविंद केजरीवाल ने अपने पोस्ट के जरिए यह बात जरूर याद दिलाई कि उन्हें यह बंगला केवल केंद्र सरकार की तरफ से नहीं, बल्कि कोर्ट के आदेश के बाद मिला है. यह बंगला टाइप-7 का सरकारी बंगला है, जो अतिविशिष्ट लोगों को दिया जाता है. बंगले का साइज करीब 5000 स्क्वॉयर फीट है. इसमें 4 कमरे, 2 लॉन, 3 सर्वेंट क्वॉर्टर और एक गैराज है. इसके अलावा, बंगले में एक ऑफिस स्पेस भी है.
नियमों के मुताबिक, सभी राष्ट्रीय दलों के अध्यक्षों को दिल्ली में एक बंगला आवंटित किया जाता है. इसी नियम के तहत अरविंद केजरीवाल को यह बंगला मिला है. दिल्ली में पूर्व सीएम को बंगला नहीं मिलता. इसी के चलते अरविंद केजरीवाल के पास आवास नहीं था. वे राज्यसभा सांसद अशोक मित के घर में शिफ्ट हो गए थे.
