लखनऊः अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने चलाया सघन अभियान, कई सामान जब्त
April 21, 2026
लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रहे यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने सोमवार को एक व्यापक एवं बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।इसी क्रम में जोन-4 में सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के तहत एचसीएल पुलिस चैकी से एचसीएल गेट नंबर-1 तक तथा चिनहट तिराहे के आसपास विशेष रूप से अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम की प्रवर्तन टीम-296 एवं कर अधीक्षक बनारसी दास की देखरेख में अतिक्रमण हटाया गया, जिससे बाधित यातायात को सुचारू किया जा सका। कार्रवाई के दौरान एक पान की गुमटी, एक स्टील काउंटर, दो लोहे के काउंटर तथा चार ठेले जब्त किए गए।वहीं, जोन-7 में भी जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नालियों, नालों और सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। विशेष रूप से लेखराज मेट्रो स्टेशन के आसपास अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया गया। कार्रवाई के दौरान एक ठेलिया और चार कुर्सियां जब्त की गईं, जबकि चार लोहे के काउंटर, तीन ठेले, दो ठेलिया और चार गुमटियां हटाई गईं। इस अभियान में कर अधीक्षक विनय मौर्य, ईटीएफ टीम तथा प्रवर्तन दल-296 की सक्रिय भागीदारी रही।
