अमेठीः सरकारी जमीन पर अम्बेडकर प्रतिमा लगाने का मामला! आधा दर्जन से ज्यादा पत्थरबाज गिरफ्तार
April 12, 2026
अमेठी। जनपद मे सरकारी जमीन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के दौरान हुए बवाल के बाद अब पुलिस ने 9 पत्थरबाजो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूरा मामला रामगंज थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव का है। शनिवार दोपहर को ग्रामीणों ने गांव की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के उद्देश्य से चबूतरा बनाकर अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को रोकने की कोशिश की। हालांकि, ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इसके बाद एसडीएम सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुलाई गई। टीम ने जेसीबी की मदद से चबूतरे को ध्वस्त कर दिया और अंबेडकर प्रतिमा को अपनी सुरक्षा में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। इसी दौरान, महिलाओं और पुरुषों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए तीन ग्रामीणों को मौके से हिरासत में लिया और उन्हें थाने भेज दिया। बाद में, छह अन्य ग्रामीणों को भी गिरफ्तार किया गया, जिससे कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या नौ हो गई।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में रमेश यादव पुत्र शोभनाथ यादव, बृजेश यादव पुत्र दयाराम, विजयशंकर यादव पुत्र दयाराम, विजय कुमार उर्फ मुन्ना पुत्र राजाराम, अखिलेश कुमार कोरी पुत्र सुरेश कुमार, सूरज कुमार पुत्र कल्लूराम, सूरज कुमार पुत्र कमलेश कुमार, जगन्नाथ पुत्र रामनाथ और उमेश नरहरपुर थाना रामगंज शामिल हैं। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। फिलहाल, सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
