अमेठीः तालाब में जहर डालकर मछलियों को मारने का आरोप
April 12, 2026
अमेठी। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जंगलरामनगर में एक मत्स्य पालक के तालाब में जहर डालकर मछलियों को मारने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम मिस्त्री का पुरवा मजरे जंगलरामनगर निवासी वीरेन्द्र कुमार वर्मा पुत्र श्यामलाल वर्मा को ग्राम पंचायत स्थित तालाबी आराजी गाटा संख्या-3133 (रकबा 1.9750 हेक्टेयर) का मत्स्य पालन हेतु पट्टा मिला हुआ है। वह लंबे समय से तालाब में मछली पालन का कार्य कर रहे थे। पीड़ित के अनुसार, उनके तालाब में 500 ग्राम से लेकर 2 किलोग्राम तक की मछलियां तैयार थीं और वह जल्द ही उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे। लेकिन 9 अप्रैल 2026 को जब वह तालाब पर पहुंचे, तो देखा कि अज्ञात लोगों द्वारा तालाब में जहर डाल दिया गया है, जिससे करीब आधी मछलियां मर चुकी थीं। वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल पुलिस को मौखिक रूप से दी थी। इसके बाद बची हुई मछलियों को बचाने के लिए उन्होंने दो दिनों तक दवा आदि का प्रबंध किया, जिसके चलते लिखित शिकायत देने में विलंब हुआ। पीड़ित के मुताबिक, इस घटना में उन्हें लगभग 2 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने थाना कोतवाली अमेठी में लिखित प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
