Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलिया: हरिपुर में वार्षिकोत्सव की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन! समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिला सम्मान


गड़वार/बलिया। आदर्श शिक्षण एवं हरिपुरी संगीत संस्थान, हरिपुर का वार्षिकोत्सव बुधवार की शाम सांस्कृतिक उल्लास, सम्मान समारोह और प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।

गड़वार ब्लॉक अंतर्गत हरिपुर स्थित आदर्श शिक्षण एवं हरिपुरी संगीत संस्थान का वार्षिकोत्सव बुधवार सायंकाल शुरू होकर देर शाम तक हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद नीरज शेखर के प्रतिनिधि अमित गिरी एवं नेहरू युवा केंद्र, बिहार के राज्य निदेशक कपिल देव राम शास्त्री ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई और छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से बिहार का प्रसिद्ध लोकनृत्य ‘झिझिया’ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी प्रस्तुति पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। थाना अध्यक्ष हितेश कुमार को “कानून रक्षक सम्मान”, वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद पंडित वीरेंद्र शुक्ला को “मालवीय सम्मान”, चिकित्सक डॉ. सुरेश चंद्र को “आरोग्य रत्न सम्मान” तथा डॉ. मनोज कुमार गुप्ता को “चिकित्सा सेवा गौरव सम्मान” प्रदान किया गया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकारों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अमित गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि इस क्षेत्र की धरती संगीत और संस्कृति की समृद्ध परंपरा से ओत-प्रोत है। उन्होंने संस्थान के अध्यक्ष कन्हैया हरिपुरी की सराहना करते हुए कहा कि वे छात्राओं को उत्कृष्ट प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष, जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं मदद संस्थान के अध्यक्ष अखिलानंद तिवारी ने की। जबकि मंच संचालन प्रधानाचार्या चित्रांगदा राजे ने प्रभावी ढंग से किया। अंत में संस्था की प्रबंधक रेनू हरिपुरी ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर राजेश कुमार, हरिशंकर तिवारी, दुखंती राम, पिंकी शर्मा, अमरावती चैहान, अंकित भारती, अजय उपाध्याय, पूर्व प्रधान उमेश चंद उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक एवं चांदपुर ग्राम सभा के प्रधान प्रतिनिधि अमित कुमार पांडेय ‘पप्पू’ ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |