Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलिया: जयप्रकाशनगर में लाखों की चोरी, चार दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं! सोती रही महिला, घर से जेवर व नकदी पार


जयप्रकाशनगर/बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के जयप्रकाशनगर स्थित चाचा टोला में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब 40 घंटे बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है, जिससे पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बैरिया थाने के ग्राम पंचायत कोड़रहा नौबरार अंतर्गत चाचा टोला में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने उस समय घर में चोरी की जब गृहस्वामिनी अंदर कमरे में सो रही थीं। पीड़िता पार्वती देवी, पत्नी स्वर्गीय मोहन सिंह उर्फ कृष्णा सिंह ने बताया कि रात में वह घर के भीतर सोई हुई थीं। सुबह नींद खुलने पर जब उन्होंने आलमारी देखी तो उसमें रखा बक्सा गायब मिला। घबराकर उन्होंने अपने पुत्र मुकेश कुमार सिंह और सोनू सिंह को जगाया।

परिजनों ने आसपास खोजबीन की तो घर की छत पर दोनों बक्से टूटे हुए हालत में मिले। बक्सों में रखा सारा कीमती सामान गायब था। पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान में सोने की चार चेन, सात अंगूठियां, दो जोड़ी झुमके, एक मंगलसूत्र, 11 जीवतिया (सात सोने व चार चांदी के), चांदी की पांच जोड़ी पायल और करीब 60 हजार रुपये नकद शामिल हैं। यह नकदी खेत की लगान और दुकान के भुगतान के लिए रखी गई थी।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित परिवार ने चैकी पर तहरीर देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित के पुत्र सोनू सिंह ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए फॉरेंसिक टीम से जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना का जल्द खुलासा हो सके। परिवार का एक सदस्य मन्ना सिंह भारतीय सेना में जैसलमेर में तैनात है, जिससे परिवार में और भी चिंता का माहौल है।

इधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि रात्रि गश्त में लापरवाही के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि घटना के करीब 40 घंटे बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, जिससे वे आक्रोशित हैं और जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।

क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित प्रकरण में बहुत जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |