गौरीगंज: अब समय आ गया है कि महिलाएं अपने अधिकारों को पहचानें- अपर्णा यादव
April 15, 2026
गौरीगंज/अमेठी। तहसील गौरीगंज सभागार में कल महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर महिलाओं एवं बालिकाओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कानून देश की महिलाओं को हर क्षेत्र में सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी कदम है। अपर्णा यादव ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब उसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी हो। महिलाओं के दृष्टिकोण से समाज के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा से जुड़ी नीतियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे राजनीति, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं जैसेकृबेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, शादी अनुदान, महिला सुरक्षा योजनाएं, स्वरोजगार योजनाएं आदि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इन योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएं अपने अधिकारों को पहचानें और उनके लिए आगे आएं। उन्होंने शिक्षा और आत्मनिर्भरता को महिला सशक्तिकरण की कुंजी बताया।
