मनियर/बलिया। मानदेय व ईपीएफ के लंबे समय से लंबित भुगतान को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। अपनी मांगों के समर्थन में रोजगार सेवकों ने खण्ड विकास अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
सेवकों का कहना है कि पिछले छह माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है, जबकि करीब एक वर्ष से ईपीएफ भी लंबित है। इसके चलते उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है और बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। फीस बकाया होने के कारण कई बच्चों के परिणाम और अगली कक्षा में प्रवेश पर भी संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि वर्ष 2019-20 से मानदेय से ईपीएफ की कटौती लगातार हो रही है, लेकिन जमा नहीं की जा रही। मनरेगा सहित अन्य सरकारी कार्य कराए जाने के बावजूद संसाधनों का अभाव बना हुआ है और मोबाइल, टैबलेट व इंटरनेट का खर्च भी स्वयं वहन करना पड़ रहा है।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, महामंत्री इब्राहिम अंसारी, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार यादव समेत कई रोजगार सेवक मौजूद रहे।
.jpg)