जयसिंहपुर/सुल्तानपुर । शिक्षा क्षेत्र जयसिंहपुर के बिरसिंहपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में सोमवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस वार्षिकोत्सव में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम प्रधानाध्यापक विनोद कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, कविता पाठ और विभिन्न शैक्षिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और पूरे कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में बतौर अतिथि पहुंचे प्राथमिक शिक्षक संघ जयसिंहपुर के अध्यक्ष जय प्रकाश वर्मा ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने का कार्य करती हैं।
इस अवसर पर एनपीआरसी अजय प्रताप सिंह, एआरपी रामजीत मौर्य और गुलाब चंद्र मौर्य समेत अन्य शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर शैक्षिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, ताकि बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को मंच मिल सके। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंध समिति, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
वार्षिकोत्सव के सफल आयोजन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की।
