बलिया। खरीफ 2026 सत्र के लिए कृषि विभाग ने बीज वितरण प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए “पहले आओ, पहले पाओ” व्यवस्था समाप्त कर ई-लॉटरी प्रणाली लागू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब निर्धारित अवधि में पंजीकरण कराने वाले किसानों में से लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बन सके।
उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में विकास खंडवार बीज वितरण के लक्ष्य पहले ही तय किए जा चुके हैं। इसके अंतर्गत सामान्य बीज वितरण और मिनीकिट योजना के तहत प्रमाणित एवं संकर बीज किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में किसानों को विभागीय पोर्टल ंहतपबनसजनतम.नच.हवअ.पद पर अपनी आवश्यकता के अनुसार बीज की ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। यह प्रक्रिया 22 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और 10 मई 2026 तक चलेगी। निर्धारित अवधि में बुकिंग करने वाले किसानों में से ई-लॉटरी के जरिए चयन किया जाएगा।
कृषि विभाग का मानना है कि नई प्रणाली से मनमानी और असमानता की शिकायतों पर रोक लगेगी तथा वास्तविक जरूरतमंद किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सकेगा। इससे बीज वितरण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह भी बनेगी।
उप कृषि निदेशक ने किसानों से समय रहते पोर्टल पर पंजीकरण कर बीज बुकिंग सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहें। नई व्यवस्था को किसानों के हित में एक सकारात्मक और तकनीक आधारित सुधार के रूप में देखा जा रहा है।
.jpg)