Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलियाः पूर्व मंत्री बच्चा पाठक की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धांजलि सभा में जनसेवा के योगदान को किया याद! 9वीं पुण्यतिथि पर कदम चैराहा पर जुटे जनप्रतिनिधि व समर्थक, करिश्माई व्यक्तित्व को किया नमन


बलिया। पूर्व मंत्री स्वर्गीय बच्चा पाठक की 9वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को शहर के कदम चैराहा पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर जनसेवा के प्रति उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्व. बच्चा पाठक केवल राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि जनता के बीच भरोसे और आत्मीयता का नाम थे। राजनीति में उन्होंने नेता और जनता के रिश्ते को परिवार की तरह निभाया, यही कारण रहा कि वे हमेशा लोगों के दिलों में बसे रहे।

उन्होंने स्व. पाठक को करिश्माई व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और कार्यशैली आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजक सियाराम यादव को कामेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान सामाजिक और स्मृति संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया।

श्रद्धांजलि सभा में वीरेन्द्र पाठक (टुनजी), कमलेश कुमार सिंह, राघवेन्द्र सिंह, अवध बिहारी चैबे, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय, सागर सिंह राहुल, सौरभ पाठक, दीपक तिवारी, शंकर भोला, अनुप पांडेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनार्दन राय ने तथा संचालन संतोष तिवारी ने किया। अंत में आयोजक सियाराम यादव ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रद्धांजलि सभा में स्व. बच्चा पाठक के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें जननेता के रूप में नमन किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |