बलिया। जनपद के रसड़ा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने बुधवार को खौफनाक मोड़ ले लिया, जब मामूली गेहूं के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी और मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जनपद के रसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नत्थूपुर गांव के समीप बुधवार को एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि पास ही घायल अवस्था में मिली उनकी पत्नी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महेंद्र चैहान (75) पुत्र रामआधार के रूप में हुई है। घटनास्थल पर जांच के दौरान उनकी पत्नी भी घायल अवस्था में पाई गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बलिया भेजा गया।
मामले में मृतक के पुत्र शुकुल चैहान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके भाई पप्पू चैहान के साथ पिछले दो दिनों से दो बोरी गेहूं को लेकर विवाद चल रहा था। यह गेहूं मृतक अपनी बेटी को देना चाहते थे, जिसे लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था। इसी विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया और घटना घटित हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी पप्पू चैहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी रसड़ा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जबकि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
.jpg)