अमेठीः गायत्री परिवार की कलश यात्रा का हुआ भव्य स्वागत
April 15, 2026
अमेठी। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ अमेठी में होने जा रही पांच दिवसीय श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा के पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा का जगह जगह लोगों ने पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों की मौजूदगी रही। गायत्री शक्तिपीठ अमेठी की पावन धरा पर होने जा रहे श्रीमद्भागवत प्रज्ञा पुराण कथा में गायत्री परिजनों के साथ क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर रहे हैं कथा के पूर्व देवीपाटन मंदिर से गाजे बाजे के साथ निकली भव्य कलश यात्रा सगरा तिराहा- गांधी चैक-हनुमान गढ़ी - अंबेडकर तिराहा होते हुए गायत्री शक्तिपीठ पर आरती पूजन के साथ समाप्त हुई । कलश यात्रा का स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कलश यात्रा के दौरान राजेश मसाला उद्योग, अरविंद कसौंधन, महेश सोनी , चिरौंजी लाल अग्रहरि आदि ने जगह जगह प्रसाद वितरण कर स्वागत किया। कलश यात्रा के साथ नशामुक्ति की तख्तियां लिए युवाओं और स्कूली छात्रों ने समाज को एक सार्थक संदेश भी दिया । कलश यात्रा के उपरांत मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने गायत्री शक्तिपीठ अमेठी पहुंचकर पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि गुरुदेव ने इक्कीसवीं सदी नारी सदी का उद्घोष किया था जो आज नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में साकार होता दिख रहा है । अपर्णा यादव के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिला महामंत्री विंशु मिश्रा मौजूद रहे।
