अमेठीः जूनियर इंजीनियरों की कार्यशाला आयोजित! ट्रांसफार्मर अनुरक्षण व तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर दिया गया जोर
April 10, 2026
अमेठी। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन, उत्तर प्रदेश शाखा जनपद अमेठी के तत्वाधान में एक दिवसीय तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों एवं खंडों से आए अवर अभियंताओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत उपकरणों के बेहतर अनुरक्षण, तकनीकी जानकारी के आदान-प्रदान तथा कार्यकुशलता में वृद्धि करना रहा। कार्यशाला के दौरान संगठन के अध्यक्ष इंजीनियर रवि कुमार ने परिवर्तक (ट्रांसफार्मर) के अनुरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर की नियमित जांच, ऑयल टेस्टिंग, लोड प्रबंधन, कनेक्शन की स्थिति और समय-समय पर साफ-सफाई जैसे उपाय अपनाकर उसकी कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि छोटी-छोटी तकनीकी सावधानियों से बड़ी खराबियों को रोका जा सकता है, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्या कम होती है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधीक्षण अभियंता इंजीनियर अरुण कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विभागीय कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ फील्ड में आने वाली समस्याओं के व्यावहारिक समाधान साझा करना भी आवश्यक है। इससे न केवल कर्मचारियों की दक्षता बढ़ती है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी बेहतर और सुचारु विद्युत आपूर्ति मिलती है। उन्होंने सभी अभियंताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें और कार्य के दौरान सतर्कता बरतें, जिससे दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। साथ ही, टीम वर्क और समन्वय के माध्यम से विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। कार्यशाला में उपस्थित अभियंताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की। इससे कार्यक्रम और अधिक उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बन गया। इस अवसर पर इंजीनियर राजेश चैहान (एसडीओ, जगदीशपुर), इंजीनियर अमृत लाल यादव (जेई), इंजीनियर महेश पांडेय (जेई), इंजीनियर आलोक कुमार (जेई), इंजीनियर प्रेम चंद्र कुशवाहा (जेई) सहित अन्य अवर अभियंता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
