Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: विश्व स्वास्थ्य दिवस पर अमीनाबाद इंटर कॉलेज में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


लखनऊ। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर अमीनाबाद इंटर कॉलेज में “स्वच्छता की संस्कृति निर्माण” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डिटॉल स्कूल स्वच्छता शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें महापौर सुषमा खर्कवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।

कार्यक्रम के दौरान महापौर ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों से संवाद करते हुए स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को यदि हम अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना लें, तो अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने घर, स्कूल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

महापौर ने हाथों की स्वच्छता को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत कई संक्रामक रोगों से बचाती है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि आसपास पानी जमा न होने देना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे मच्छरों का प्रजनन होता है और डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियां फैलती हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में वैज्ञानिक सोच अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता लाने के लिए आवश्यक है कि हम अंधविश्वासों से दूर रहें और विज्ञान आधारित सोच को अपनाएं। बच्चों से उन्होंने आग्रह किया कि वे स्वच्छता के इस संदेश को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर उपविजेता मध्य विधानसभा रजनीश गुप्ता, पार्षद मुकेश सिंह मोंटी, प्रधानाचार्य साहब लाल मिश्रा, जिला समन्वय अधिकारी अतुल तिवारी, वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक अमित शुक्ला, प्रबंधक शशिकांत सिंह, डॉ. एम. एल. पॉल, दिलीप सिंह, डॉ. कृष वर्गिस सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया गया और सभी ने मिलकर स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

इस सराहनीय पहल के लिए प्लान इंटरनेशनल (इंडिया चैप्टर) एवं डिटॉल बनेगा स्वस्थ भारत अभियान से जुड़े सभी आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |