बेवर/मैनपुरी। ग्राम नगला सुदामा में आयोजित सात दिवसीय बुद्ध कथा के तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री के प्रतिनिधि अंकुर अग्निहोत्री ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर अंकुर अग्निहोत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही समाज में समरसता लाई जा सकती है।
कथा के तीसरे दिन धम्मगायिका कीर्ति शाक्य ने बुद्ध के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए धम्म के प्रचार-प्रसार पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार तथागत ने समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। पंडाल में मौजूद श्रोता धम्म भजनों पर मंत्रमुग्ध नजर आए।
व्यवस्थाएं संभालने में आयोजन समिति के अजीत शाक्य, अमन शाक्य, आकाश शाक्य, पवन शाक्य, राजेश शाक्य, रोहित शाक्य और अन्य सेवादारों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कथा में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।
