आगरा। जनपद में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षक नेताओं ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) जितेन्द्र गोंड से मुलाकात कर विद्यालयों के समय में बदलाव की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने बेसिक शिक्षकों की 6 सूत्रीय लंबित समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की।
शिक्षक नेताओं ने बताया कि राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए विद्यालयों का समय परिवर्तित किया जाना आवश्यक है, ताकि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को गर्मी से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण विद्यालय संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ, आगरा के अध्यक्ष सुरजीत चैधरी, मंत्री हरिओम यादव सहित अन्य पदाधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे। शिक्षक नेताओं ने बीएसए से जल्द उचित निर्णय लेने की मांग की है, जिससे सभी को राहत मिल सके।
