Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

दिल्ली-नोएडा में आज कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन


दिल्ली और नोएडा में आज बाबा साहेब डॉ० भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती पर कार्यक्रम होगा। इसकी वजह से दिल्ली और नोएडा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के मुताबिक, आज कई सड़कों पर डायवर्जन लागू रहेगा। इसकी वजह से वाहन चालकों को कुछ जगहों पर जाम का सामना करना पड़ सकता है। जाम से बचने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी को फॉलो करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में 14 अप्रैल को डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती के मौके पर एक बड़ी जनसभा और शोभा यात्रा होगी। इसको लेकर पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें चेतावनी दी गई है कि शहर के मध्य हिस्सों में सुबह से शाम तक ट्रैफिक पर भारी पाबंदियां रहेंगी। एडवाइजरी के मुताबिक, सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच रामलीला मैदान में एक जनसभा होगी। इसके बाद एक शोभा यात्रा निकलेगी, जो कई व्यस्त सड़कों से होते हुए पहाड़गंज में डॉ. अंबेडकर भवन पर जाकर खत्म होगी।

इस पूरे कार्यक्रम की वजह से सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक ट्रैफिक की आवाजाही पर असर पड़ने की उम्मीद है। यह जुलूस रामलीला मैदान से शुरू होगा और अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्केट, खारी बावली, कुतुब रोड, सदर बाजार, बारा टूटी चौक, पहाड़ी धीरज, फिल्मिस्तान सिनेमा, मानकपुरा, सीधी पुरा, ईस्ट पार्क रोड, डी.बी. गुप्ता रोड, गुरु रविदास मार्ग, देव नगर, कीकर वाला चौक, हाथी वाला चौक, रेगर पुरा, आर्य समाज रोड, डॉ. अंबेडकर मार्ग और रानी झांसी रोड जैसे मुख्य स्थानों से होते हुए अंबेडकर भवन पर समाप्त होगा।

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि जुलूस की आवाजाही के आधार पर ट्रैफिक को मोड़ा जाएगा और पाबंदियां लगाई जाएंगी। ज़रूरत पड़ने पर JLN मार्ग पर भी पाबंदियां लगाई जा सकती हैं। हालात को देखते हुए, दिल्ली गेट, मिंटो रोड और अजमेरी गेट जैसे कुछ हिस्सों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जा सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दिन के समय देरी से बचने के लिए कई मुख्य सड़कों का इस्तेमाल न करें। इनमें JLN मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, कुतुब रोड, रानी झांसी मार्ग, ईस्ट पार्क रोड और DB गुप्ता रोड शामिल हैं। जनसभा और जुलूस की आवाजाही की वजह से इन रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम लग सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |