शुकुलबाजार: सत्थिन घाट पर दर्दनाक हादसा! गोमती नदी में डूबने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
April 12, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। क्षेत्र के सत्थिन घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गोमती नदी में नहाने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पूरब देवकली निवासी शाहिद अफरीदी (19) अपने साथियों के साथ सत्थिन घाट पर नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के चलते सफलता नहीं मिल सकी।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी देर की मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार शुकुल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।अस्पताल में शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरब देवकली गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है।
