कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस
April 07, 2026
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली वाले घर पर असम पुलिस की एक टीम पूछताछ करने पहुंची है. असम पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की टीम भी मौजूद है. खेड़ा ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन-तीन पासपोर्ट होने का दावा किया था. इन आरोपों को गलत बताते हुए सरमा की पत्नी ने एफआईआर दर्ज कराई थी. जिसके एक दिन बाद खेड़ा के घर असम पुलिस पहुंची है.
कांग्रेस के मीडिया सेल के प्रमुख पवन खेड़ा ने 5 अप्रैल को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पारिवारिक संपत्ति और वित्तीय लेन-देन को लेकर उनपर और उनकी पत्नी पर कई आरोप लगाएं. इसके साथ, उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन अलग-अलग पासपोर्ट कैसे हैं? उनको तीन पासपोर्ट रखने की क्या जरूरत है? क्या वे कोई अपराधी हैं?'
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हिमंता बिस्वा सरमा के पास के भी एक से ज्यादा पासपोर्ट मौजूद हैं? क्या वे असम चुनाव हारने के बाद कहीं भागने की तैयारी में हैं? उन्होंने असम सीएम पर आरोप लगाते हुए कहा, 'हिमंता बिस्वा सरमा की पूरी राजनीति मुसलमानों के खिलाफ नफरत पर आधारित है, लेकिन उनकी पत्नी दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट रखती हैं, कैसे? भारत के कानून के हिसाब से आप दोहरी नागरिकता नहीं रख सकते, तो क्या रिंकी भुइयां सरमा भारत का पासपोर्ट भी रखती हैं? क्या देश के गृहमंत्री अमित शाह को ये जानकारी थी कि उनके दत्तक पुत्र की पत्नी 3 पासपोर्ट रखती हैं? गृहमंत्री अमित शाह जवाब दें- क्या वो SIT बिठाकर इस मामले की जांच कराएंगे?'
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार (5 अप्रैल, 2026) को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के लगाए आरोपों को लेकर पलटवार किया था. उन्होंने पवन खेड़ा की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह और उनकी पत्नी रिंकी भुइंया सरमा इस मामले को लेकर 48 घंटे के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ क्रिमिनल केस और मानहानि का केस दर्ज कराएंगे. 6 अप्रैल को सरमा की पत्नी ने खेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी.
