पीलीभीत। जनपद के प्रतिष्ठित लिटिल एंजेल्स स्कूल के विद्यार्थियों ने एसओएफ कंप्यूटर साइंस ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। विद्यालय के होनहार छात्रों ने विभिन्न श्रेणियों में स्वर्ण पदक प्राप्त कर न केवल अपने स्कूल बल्कि पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।
प्रतियोगिता में कक्षा 2 के छात्र निखिल गुप्ता ने ‘गोल्ड मेडल ऑफ एक्सीलेंस’ प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं कक्षा 8 के छात्र उत्तम सिंह माथुर और अप्रति सिंह ने ‘गोल्ड मेडल ऑफ डिस्टिंक्शन’ हासिल कर अपनी बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। इन विद्यार्थियों की इस सफलता को विद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक संजीव अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक उज्जवल अग्रवाल, प्रधानाचार्य एन.सी. पाठक, उप-प्रधानाचार्या अंजू सक्सेना एवं हेड मिस्ट्रेस नीना महरोत्रा ने संयुक्त रूप से विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों के बौद्धिक विकास, तार्किक सोच और तकनीकी कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा का महत्व और भी बढ़ गया है, ऐसे में इस तरह की उपलब्धियां छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करती हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ओलंपियाड प्रभारी उत्तम शर्मा, भुवनेश गोयल एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। शिक्षकों के मार्गदर्शन और छात्रों की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि विद्यालय लगातार शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी विजेता छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करते रहेंगे।
