अमेठीः दबंगों ने युवक को पीटा, मां बेटा घायल
April 09, 2026
अमेठी। जनपद के बढ़ईपुर गांव में दबंगई का मामला सामने आया है, जहां गेहूं मड़ाई के लिए मना करने पर कुछ लोगों ने एक परिवार के साथ मारपीट कर दी। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित विशाल विश्वकर्मा के मुताबिक, गांव के ही रमेश यादव उनसे गेहूं मड़ाई के लिए बुलाने आए थे। उस समय उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए जाने में असमर्थता जताई। इसके बाद रमेश यादव ने उसे बढ़ई की बाग में ले गए जहां उनके दोनों बेटे, बेटी और पत्नी मौजूद थी, सबके सामने भद्दी भद्दी गालियां देने लगे। जब उन्हें गाली देने से मना किया तो सब लोगों ने मिलकर उसे बुरी तरह से पीटने लगे। उसे पिटता देख उसकी मां संगीता विश्वकर्मा उसे छुड़ाने पहुंची तो दबंगों ने उसकी मां को पीट दिया। दबंगों की पिटाई से उसकी मां को गंभीर चोट आई है। जाते जाते दबंगों ने गाली देते हुए धमकी भी दी कि मेरी शिकायत करने थाने जाओगे तो तुमको जान से मार देंगे। पीड़ित विशाल विश्वकर्मा ने अमेठी कोतवाली में दबंगों के खिलाफ तहरीर देकर अपने जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

