आगरा। सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रणेता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर मंडल शमशाबाद नगर, बूथ संख्या 110 पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा फल वितरण कर उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत आगरा की अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन सामाजिक समरसता, समान अधिकार और न्याय के लिए संघर्ष का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब के सपनों का समतामूलक और सशक्त भारत बनाने के लिए वे पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
